रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे ‘सरगुजा ओलंपिक’ ने पूरे सरगुजा संभाग में खेलों का उत्सव जैसा माहौल बना दिया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में संभाग के छह जिलों से कुल 10,577 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया।विकासखंड स्तर पर विजेता रहे खिलाड़ियों ने जिला मुख्यालयों में आयोजित मुकाबलों में भाग लिया। 5 से 13 फरवरी के बीच अलग-अलग जिलों में हुए इन आयोजनों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।भागीदारी के आंकड़ों पर नजर डालें तो जशपुर से सर्वाधिक 3,126 खिलाड़ी शामिल हुए, जबकि बलरामपुर-रामानुजगंज से 2,424, सूरजपुर से 2,014, सरगुजा से 1,797, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 706 और कोरिया जिले से 510 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अब जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने घोषणा की है कि संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य की खेल अकादमियों में सीधे प्रवेश का अवसर मिलेगा। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को ‘यूथ आइकॉन’ की भूमिका दी जाएगी, ताकि वे अन्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकें।प्रतियोगिताओं में 5 व्यक्तिगत और 7 टीम खेल शामिल किए गए। एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कुश्ती और कराटे जैसे व्यक्तिगत खेलों के साथ फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल जैसे टीम इवेंट आयोजित हुए। मुकाबले जूनियर (14–17 वर्ष) और सीनियर (18 वर्ष से अधिक) वर्ग में संपन्न हुए।इससे पहले विकासखंड स्तर पर आयोजित प्रथम चरण में 32 विकासखंडों से कुल 3,49,370 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें पुरुषों और महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। सरगुजा ओलंपिक को क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। Spread the lovePost navigationराजिम कुंभ कल्प 2026 समापन समारोह : राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की अस्मिता एवं पहचान – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मधुमक्खी पालन से स्व-सहायता समूह की आय में वृद्धि