छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का रुख बदलने वाला है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवाती तंत्र के असर से राज्य के दक्षिणी इलाकों में 28 और 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान कई इलाकों में तेज गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में झोंके 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकते हैं।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम मिश्रित रहा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के मामले में बेलगहना सबसे आगे रहा, जहां 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

इसके अलावा पिपरिया, कशडोल, अंतागढ़, छुईखदान और भिंभोरी में भी 1 सेमी तक बारिश हुई।रायपुर में सोमवार की सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। विभाग का कहना है कि दिनभर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी का तापमान आज 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए मिश्रित प्रभाव डाल सकती है। जहां नमी की आवश्यकता वाली फसलों को राहत मिलेगी, वहीं कटाई के लिए तैयार फसलों को नुकसान की संभावना भी बनी हुई है। विभाग ने नागरिकों को तेज हवाओं से सावधान रहने और खुले स्थानों में गतिविधियों को सीमित रखने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ का आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कहीं-कहीं पर भारी बारिश के साथ आंधी की स्थिति बन सकती है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।