जशपुर : जशपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम महुआ कापुटोली में एक बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपनी ही मां की इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह घटना 21 अक्टूबर 2025 की बताई जा रही है। प्रार्थी सुलेंद्र राम (27 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह खेत में काम कर रहा था, तभी गांव से झगड़े की आवाजें सुनाई दीं। घर पहुंचने पर एक लड़की ने बताया कि सुंदर साय (21 वर्ष) अपनी मां गेंदी बाई (60 वर्ष) के साथ गाली-गलौज कर रहा है और उसे बुरी तरह मार रहा है।

जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो गेंदी बाई गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थीं। उनके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें थीं। परिजनों ने तुरंत उन्हें सन्ना अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ से हालत नाजुक होने पर उन्हें जशपुर जिला अस्पताल, फिर डीकेएस रायपुर रेफर किया गया। स्थिति में सुधार न होने पर परिजन उन्हें अंबिकापुर ले जा रहे थे, तभी 1 नवंबर को रास्ते में उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर थाना सन्ना पुलिस ने तत्काल मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुंदर साय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), और 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।

थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव से ही गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा — “सन्ना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने अपनी मां की पिटाई की, जिसके बाद उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।”

पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, आरक्षक अंबुज सिंह, प्रवीण खलखो और बिंदेश्वर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed