जशपुर : प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और विश्वसनीय बनाने के लिए सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिले में लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या को दूर करने के लिए व्यापक योजना लागू की जा रही है।

सरकारी पहल के तहत जिले के 133 गांवों, कस्बों और टोला-मुहल्लों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। लंबे समय से लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से जूझ रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इस कदम से किसानों, छात्रों और छोटे व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनके कामकाज में सुगमता आएगी।

इसके साथ ही जिले में बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कुनकुरी के हर्राडांड में 400/220 केवी का आधुनिक उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है, जो क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को नई मजबूती देगा। वहीं, सलिहाटोली, विपतपुर, भगोरा, समडमा, मैनी, रेड़े, पालीडीह, खुटेरा और चेटवा जैसे इलाकों में नए 33/11 केवी सब-स्टेशन बनाए जाएंगे।

इसके अलावा फरसाबहार और झिक्की बगीचा में 132/33 केवी के उच्च क्षमता वाले सब-स्टेशन भी स्वीकृत किए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत वितरण प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।

इन योजनाओं के पूरा होने के बाद न सिर्फ बिजली की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि लो वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी। इससे कृषि, उद्योग और अन्य आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश सरकार की इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।