सूरजपुर। जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत दर्रीपारा गांव में आयोजित समाधान शिविर एक दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले करंट की चपेट में आकर टेंट कर्मचारी रामअवतार कंवर की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे आयोजन को शोकसभा में बदल दिया।

जानकारी के अनुसार, समाधान शिविर का आयोजन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए किया गया था, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की भी उपस्थिति प्रस्तावित थी। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से कुछ ही समय पहले टेंट के पास बिजली कार्य करते समय रामअवतार कंवर को जोरदार करंट का झटका लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामअवतार मंच के पास अस्थायी विद्युत कनेक्शन का कार्य कर रहा था, जब यह हादसा हुआ। उसे तत्काल भैयाथान अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े स्वयं अस्पताल पहुंचीं, मृतक के परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। मंत्री के निर्देश पर कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया और मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।

ग्रामीणों में गुस्सा, टेंट संचालक पर लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि टेंट संचालक ने बिना किसी सुरक्षा मानक के अवैध हुकिंग के जरिए बिजली कनेक्शन लिया था। कार्यक्रम स्थल पर विद्युत विभाग की अनुमति या मौजूदगी नहीं थी, जिससे यह दुर्घटना हुई।

पुलिस ने शुरू की जांच, दोषियों पर कार्रवाई के संकेत

भैयाथान थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर साबित किया है कि सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर परिणाम ला सकती है।

यह घटना एक गहरी सीख है कि प्रशासन और आयोजकों को तकनीकी और सुरक्षा पहलुओं पर अधिक सतर्कता बरतनी होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed