फर्जी RPF अफसर बनकर रेलवे स्टेशन पर घूमता युवक गिरफ्तार, सेल्फी दिखाकर लोगों को देता था धौंस

कल्याण रेलवे स्टेशन पर सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों ने एक युवक को उस समय पकड़ लिया, जब वह आरपीएफ के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर स्टेशन पर इधर-उधर चक्कर लगा रहा था। प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर मौजूद यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों को वह खुद को तैनात RPF अधिकारी बताकर गुमराह कर रहा था। हैरानी की बात यह रही कि युवक ने असली ASI से सेल्फी लेने की भी कोशिश की, ताकि लोगों को अपनी फर्जी पहचान पर विश्वास दिला सके।
दोपहर करीब 1:30 बजे ड्यूटी पर तैनात ASI रमेशसिंह यादव की नजर युवक पर पड़ी तो उन्हें उसकी चाल-ढाल संदिग्ध लगी। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह “ऑस्टिन RPF पुणे” में पदस्थ है और वंदे भारत एक्सप्रेस में एस्कॉर्टिंग ड्यूटी पर आया है। शक गहराने पर जब उससे उसकी टीम को बुलाने को कहा गया, तो वह उन्हें प्लेटफॉर्म के फुटओवर ब्रिज की ओर ले गया, जहां कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।
स्थिति संदिग्ध देख ASI यादव ने इंस्पेक्टर रणजीत सिंह को मौके पर बुलाया। युवक को थाने ले जाने की कोशिश की जा रही थी तभी उसने अचानक भागने की कोशिश की, लेकिन RPF और GRP के जवानों—आरक्षक मंगेश थेरे, रितेश त्रिपाठी और CIB के नीलकंठ गोरे ने उसे तुरंत दबोच लिया।
युवक को आगे की जांच के लिए GRP कल्याण को सौंप दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने ASI की वर्दी कहां से हासिल की और क्या वह किसी ठगी या अन्य साजिश की फिराक में था।





