रायपुर सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 85 हजार खिलाड़ियों की ऐतिहासिक भागीदारी

रायपुर। राजधानी के नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेल, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संदेश के साथ रायपुर सांसद खेल महोत्सव के तीन दिवसीय मेगा फाइनल एवं समापन समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद स्टेडियम तालियों की गूंज और खिलाड़ियों के उत्साह से भर उठा।
उद्घाटन समारोह में एनसीसी कैडेट्स, युवा खिलाड़ियों और स्कूली छात्रों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर खेल भावना का प्रदर्शन किया। वहीं स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के जरिए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र की शहरी और ग्रामीण विधानसभा सीटों में आयोजित इस महोत्सव ने खेलों को जन-आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जबकि मेगा फाइनल में 5 हजार से ज्यादा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, शतरंज, भारोत्तोलन, रस्साकसी, गेड़ी दौड़ और तैराकी जैसे पारंपरिक व आधुनिक खेलों ने आयोजन को विविधता और व्यापकता प्रदान की। सांसद ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को न केवल खेल के मैदान तक लाता है, बल्कि उन्हें सकारात्मक जीवनशैली और अनुशासन की ओर भी प्रेरित करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आज खेल केवल शौक नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य और करियर का मजबूत माध्यम बन चुके हैं। महिला खिलाड़ियों और ट्रांसजेंडर प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी को उन्होंने सामाजिक समावेशन की दिशा में बड़ा कदम बताया।
समारोह के दौरान विभिन्न खेलों के विजेताओं, अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खेल संगठनों और बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी रही।
आयोजन के अंतिम दिन 24 दिसंबर को प्रसिद्ध गायक और सांसद मनोज तिवारी की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भी होगी, जो समापन समारोह को और भव्य बनाएगी।



