छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बल भर्ती 2026-27: 1816 पदों पर होगी नियुक्ति, हाईटेक सिस्टम से होगी पूरी प्रक्रिया

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में सशस्त्र बलों के लिए वर्ष 2026-27 के दौरान 1816 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने सिंगल सॉल्यूशन प्रोवाइडर की नियुक्ति हेतु टेंडर जारी किया है।
इन पदों पर होगी भर्ती
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कई अलग-अलग पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इनमें कांस्टेबल जीडी, ट्रेड्समैन, आर्म्स, एमटी, बैंड, डॉग स्क्वाड, घुड़सवार और अस्तबल सहायक जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा हेड कांस्टेबल (नर्सिंग), सहायक प्लाटून कमांडर (नर्सिंग), पुरुष और महिला नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, नर्सिंग सहायक, कंपाउंडर और ड्रेसर जैसे पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
तकनीक की मदद से होगी भर्ती प्रक्रिया
भर्ती को पारदर्शी बनाने के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और हाईटेक बनाया जा रहा है। चयनित सेवा प्रदाता उम्मीदवारों के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने से लेकर डेटा प्रबंधन तक की जिम्मेदारी संभालेगा।
शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के दौरान उम्मीदवारों की ऊंचाई और सीने का माप डिजिटल उपकरणों से लिया जाएगा। वहीं शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में दौड़ के समय को मापने के लिए RFID तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही सभी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
लंबी कूद, ऊंची कूद और शॉट-पुट जैसी प्रतियोगिताओं में भी दूरी और प्रदर्शन को डिजिटल तकनीक से मापा जाएगा। हर उम्मीदवार को उसके प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा।
पांच स्थानों पर बनाए जाएंगे भर्ती केंद्र
भर्ती प्रक्रिया के लिए राज्य में पांच अलग-अलग केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन लगभग 1000 अभ्यर्थियों के शारीरिक माप और दक्षता परीक्षण कराए जाने की योजना है। सिस्टम को इस तरह तैयार किया जाएगा कि परिणामों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ संभव न हो और हर उम्मीदवार को तय नियमों के अनुसार ही मौके मिलें।
लिखित परीक्षा भी होगी डिजिटल निगरानी में
भर्ती के अंतिम चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए OMR आधारित प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे, जिनकी डिजाइनिंग, प्रिंटिंग, स्कैनिंग और मूल्यांकन तकनीकी प्रणाली से किया जाएगा। साथ ही परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के हर चरण के अंक और परिणाम स्वतः मास्टर शीट में अपडेट होते रहेंगे, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहेगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि युवाओं को निष्पक्ष और तकनीक आधारित भर्ती प्रणाली के माध्यम से अवसर प्रदान किया जाए।





