कैबिनेट की बड़ी बैठक शुरू, किसानों और उपभोक्ताओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में बुधवार को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक प्रारंभ हो गई है। बैठक में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, आगामी कार्यक्रमों और प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तृत समीक्षा की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक का पहला प्रमुख मुद्दा आने वाले धान खरीदी सीजन की तैयारियों को लेकर है। अधिकारियों द्वारा खरीदी केंद्रों की उपलब्धता, परिवहन प्रबंधन, भुगतान प्रणाली की मजबूती और सम्पूर्ण प्रक्रिया को निर्बाध बनाने के लिए प्रस्तुत की गई रिपोर्ट पर चर्चा जारी है।
इसके साथ ही सरकार की महत्वाकांक्षी हाफ बिजली बिल योजना को लागू करने से पहले अंतिम रूपरेखा पर भी विचार किया जा रहा है। योजना को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
कैबिनेट में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की संभावित तिथियों पर भी विमर्श हो रहा है। माना जा रहा है कि सत्र नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर के शुरुआती दिनों में बुलाया जा सकता है।
बैठक में राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति का भी विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके अलावा जनजाति गौरव दिवस की तैयारियों पर विशेष चर्चा हो रही है, क्योंकि इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ आगमन की संभावना है। उनके स्वागत, सुरक्षा और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तृत प्रस्तुति कैबिनेट के समक्ष रखी गई है।
कैबिनेट की यह बैठक आगामी महीनों में सरकार के कामकाज की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।





