होटल के खाने में कॉकरोच मिलने पर डॉक्टर ने किया हंगामा, वीडियो हुआ वायरल

सरगुजा। अंबिकापुर के चर्चित होटल ग्रैंड वसंत में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। यहां खाने की थाली में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। गुतुरमा निवासी डॉक्टर अमित गुप्ता अपने परिवार के साथ भोजन करने होटल पहुंचे थे। भोजन के दौरान उनकी थाली में कॉकरोच निकला, जिसे देखकर परिजनों और आसपास मौजूद ग्राहकों में आक्रोश फैल गया।
डॉ. गुप्ता ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे होटल प्रबंधन की लापरवाही उजागर हो गई। उन्होंने होटल मैनेजर और कर्मचारियों से जमकर नाराजगी जताई और सवाल उठाए। गुस्से में उन्होंने होटल स्टाफ को कॉकरोच मिला खाना भी खिलाया।
इस घटना के बाद से होटल की साफ-सफाई और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राहक लगातार होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जता रहे हैं। मामले के तूल पकड़ने पर संबंधित विभाग द्वारा जांच की संभावना भी जताई जा रही है।





