छत्तीसगढ़

गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष देव ने किया आवास मेला 2025 के लोगो का अनावरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा प्रदेश के नागरिकों को सभी आवासीय योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय आवास मेला 2025 का आयोजन 23 से 25 नवंबर तक रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में किया जाएगा। इसी क्रम में मेले के लोगो (प्रतीक चिन्ह) का अनावरण आज मंडल मुख्यालय में गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव द्वारा किया गया।

लोगो अनावरण कार्यक्रम में हाउसिंग बोर्ड के आयुक्त अवनीश शरण, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य सदस्य प्रत्यक्ष तथा वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

अध्यक्ष सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और सुलभ आवास उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आवास मेला 2025 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जहाँ गृह निर्माण मंडल की विभिन्न योजनाएँ और संपत्तियाँ एक ही स्थान पर आम जनता के लिए प्रदर्शित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में मंडल द्वारा प्रदेशभर में लगभग 2,000 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया जा रहा है, जिससे हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है।

  • मेले में मिलने वाली प्रमुख सुविधाएँ:
  • आवंटी पोर्टल का शुभारंभ
  • मात्र 1% राशि जमा कर भवन बुकिंग की सुविधा
  • रायपुर, नवा रायपुर एवं आसपास की परियोजनाओं के लिए साइट विजिट
  • विभिन्न बैंकों द्वारा लोन सुविधा
  • निर्माण संबंधी जानकारी हेतु कई स्टॉल, जिनमें भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का गुणवत्ता मार्गदर्शन स्टॉल मुख्य आकर्षण
  • पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों के लिए विशेष उपहार

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने प्रदेशवासियों से आवास मेला 2025 में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और अपने सपनों के घर को वास्तविकता में बदलने का अवसर प्राप्त करने की अपील की है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button