प्रेमी ने शादी से किया इनकार, युवती ने उसके घर में दी जान; युवक गिरफ्तार

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवती द्वारा अपने प्रेमी के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मल्हार चौकी इलाके की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार क्षेत्र की रहने वाली युवती का ग्राम धनगवां निवासी 33 वर्षीय राजू लहरिया के साथ काफी समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातें होती थीं। युवती युवक से शादी करने की बात कर रही थी, लेकिन आरोपी इस विषय को लगातार टालता रहा।
बताया जा रहा है कि 24 फरवरी को युवती युवक के घर पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने दोबारा शादी की बात उठाई तो आरोपी ने साफ तौर पर मना कर दिया। इससे आहत होकर युवती वहीं रुक गई, जबकि युवक घर छोड़कर चला गया और उसने युवती के फोन कॉल भी उठाना बंद कर दिया।
दो दिन बाद, 26 फरवरी की रात युवती ने आरोपी के माता-पिता के साथ भोजन किया और फिर कमरे में सोने चली गई। देर रात उसने कमरे के रोशनदान में स्कार्फ बांधकर फांसी लगा ली। अगले दिन सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर युवती फंदे से लटकी हुई मिली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए और मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने उसे सरकंडा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह छिपा हुआ था। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।





