छत्तीसगढ़रायपुर

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सीएम को लिखा पत्र: बढ़ते अपराध और ट्रैफिक अव्यवस्था पर जताई चिंता, पुलिस भर्ती की मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर की बढ़ती जनसंख्या, अपराध और यातायात की समस्याओं को देखते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर पुलिस बल में तत्काल भर्ती और अतिरिक्त पद स्वीकृत करने की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में लिखा है कि रायपुर की जनसंख्या 16 लाख पार कर चुकी है और जिले की कुल आबादी वर्ष 2023 में लगभग 30 लाख हो गई है। लगातार हो रहे शहरी विस्तार और तेजी से बढ़ते साइबर क्राइम के चलते पुलिस बल पर दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पुलिस विभाग के 3805 स्वीकृत पदों में से 796 पद खाली हैं, जिनमें आरक्षक स्तर के 731 पद शामिल हैं।

बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि मौजूदा पुलिस बल जनसंख्या के अनुपात में अपर्याप्त है, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यातायात समस्या पर ध्यान आकर्षित करते हुए उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में 18 लाख से अधिक वाहन पंजीकृत हैं, लेकिन ट्रैफिक शाखा में सिर्फ 416 पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जबकि बी.पी.आर.एंड डी. मानकों के अनुसार कम से कम 2388 कर्मी होने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से 1972 नए पदों की स्वीकृति और रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की मांग की है।

सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने पूर्व में भी इस मुद्दे पर ध्यान दिलाया था, लेकिन अब इसे गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।

राजधानी रायपुर की कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर मजबूत पहल की जरूरत है, जिसकी ओर सांसद ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button