लॉरेंस गैंग के बदमाशों का एनकाउंटर, मुठभेड़ में दो ढेर

मोहाली | पंजाब के डेराबस्सी इलाके में देर रात पुलिस और कुख्यात लॉरेंस-गोल्डी ढिल्लों गैंग के सदस्यों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी (रूरल) मनप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मुठभेड़ के पीछे किसी बड़ी साजिश के संकेत मिल रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने जा रहे थे और उनके बाकी साथियों की लोकेशन कहां है।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि लॉरेंस-गोल्डी गैंग के खिलाफ चल रहे अभियान में आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।





