दुर्ग। भिलाई के खुर्सीपार इलाके में एक प्रेम प्रसंग ने खूनी मोड़ ले लिया। 24 वर्षीय युवक की उसकी प्रेमिका के परिवारवालों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने युवती के भाई सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार के केनाल रोड स्थित मांझी चौक निवासी धीरज उर्फ विक्की सरोज का अपने पड़ोस में रहने वाली युवती खुशी से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच काफी समय से नजदीकियां थीं, लेकिन परिवार इस रिश्ते से नाराज़ थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को खुशी खुद धीरज के घर पहुंची और उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। उसने बताया कि उसके पिता बुला रहे हैं।

धीरज उसके साथ खुशी के घर पहुंचा तो वहां पहले से साजिश रची जा चुकी थी। जैसे ही वह घर के अंदर पहुंचा, तभी खुशी का भाई सिद्धार्थ वहां आया और अचानक उस पर हमला कर दिया। थोड़ी ही देर में उसके परिजन सूरज और अरुण भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर धीरज को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला।

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खुर्सीपार पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और प्रेम प्रसंग दोनों कारण थे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।