बिलासपुरछत्तीसगढ़

काउंटर की कतारों से छुटकारा, रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट पर 3% की छूट

बिलासपुर। रेल यात्रियों की सहूलियत बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे ने एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की है। अब अनारक्षित टिकट के लिए काउंटर पर लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि “रेलवन” मोबाइल एप के जरिए टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस ऐप से टिकट खरीदने पर यात्रियों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलवन एप एक ही मंच पर कई रेल सेवाएं उपलब्ध कराता है, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सहज अनुभव मिलेगा। अनारक्षित टिकट ऑनलाइन बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जो 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।

इस सुविधा के तहत यात्री यूपीआई, नेट बैंकिंग, मोबाइल वॉलेट, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसे डिजिटल भुगतान विकल्पों का उपयोग कर टिकट बुक कर सकते हैं। वहीं, आर-वॉलेट से भुगतान करने पर पहले की तरह 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा भी जारी रहेगी।

रेलवे प्रशासन यात्रियों को इस नई सुविधा से अवगत कराने के लिए स्टेशनों पर घोषणाएं करवा रहा है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवन ऐप न केवल यात्रियों के समय की बचत करता है, बल्कि डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देकर रेलवे सेवाओं को अधिक स्मार्ट और पारदर्शी बनाता है।

रेलवन एप के शुभारंभ से यात्रियों को टिकट बुकिंग में आसानी के साथ-साथ खर्च में भी राहत मिलेगी, जिससे रेलवे की डिजिटल सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button