CG में खून से रंगी होली: अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की हत्या

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में होली के दिन आपराधिक घटनाओं ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। आरंग, खरोरा और विधानसभा थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग हत्याओं से इलाके में सनसनी फैल गई। एक ही दिन में लगातार हुई वारदातों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरंग में युवक की हत्या
होली पर्व के दौरान आरंग क्षेत्र में 18 वर्षीय नीरज लोधी की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। रायपुर के डीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
जन्मदिन के दिन युवक की हत्या
दूसरी घटना खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में सामने आई, जहां मोहित धीवर नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जिस दिन उसकी हत्या हुई, उसी दिन उसका जन्मदिन भी था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी रामेश्वर पटेल को पकड़कर थाने ले जाया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
चरित्र शंका में भाई की हत्या
तीसरी घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया की है। यहां चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में आरोपी कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा ने अपने सगे भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तिल्दा में चाकूबाजी, युवक गंभीर
इसी बीच तिल्दा क्षेत्र में भी चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फ्लैग मार्च निकाला था, लेकिन होली के दिन हुई इन वारदातों के बाद पुलिस के दावों पर सवाल उठने लगे हैं।





