रायपुर। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब देश की रसोई तक पहुंचने लगा है। तेल सप्लाई प्रभावित होने के कारण घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 114 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ ही कई जगहों पर गैस सिलेंडर की सप्लाई भी प्रभावित होने लगी है।

राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सिलेंडर की डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। होली की छुट्टियों और अचानक बढ़ी मांग के कारण रीफिलिंग व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसके चलते बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी अब करीब 5 से 6 दिन देरी से हो रही है।

नियम के अनुसार एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 से 25 दिनों के भीतर ही बुक किया जा सकता है। तेल कंपनियों ने बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है, लेकिन होली के बाद से लगातार देरी की स्थिति बनी हुई है।

सप्लाई बाधित होने की खबरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे गैस एजेंसियों में पूछताछ करने वालों की संख्या बढ़ गई है। कई लोग समय पर सिलेंडर मिलने के लिए जल्द-जल्द बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं।

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि शहर में एलपीजी का स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन होली की छुट्टियों के कारण कई कर्मचारी अभी तक वापस नहीं लौटे हैं। इसके चलते वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है। साथ ही डोमेस्टिक और कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई सीमित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। पहले जहां 24 घंटे के भीतर सिलेंडर मिल जाता था, वहीं अब कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस खत्म होने की स्थिति में लोग इंडक्शन और माइक्रोवेव जैसे विकल्पों का सहारा ले रहे हैं, जिससे बिजली की खपत भी बढ़ रही है।

तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सोशल मीडिया पर फैल रही कई खबरें भ्रामक हैं। उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

तेल कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया है। अब रिफिल सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकेगी, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी। इसके अलावा जिन ग्राहकों का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें सिलेंडर नहीं देने के निर्देश भी डीलर्स को दिए गए हैं। कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को लेकर भी कुछ श्रेणियों तक ही आपूर्ति करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।