Uncategorized

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

रायपुर :  छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियां जोरों पर है। राज्य के तीन शहरों रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में आगामी 25 मार्च से 3 अप्रैल तक इसका आयोजन किया जा रहा है। सभी व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने तीनों शहरों में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने आज वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बैठक में खेलो इंडिया नेशनल ट्रायबल गेम्स में शामिल खेलों एथलेटिक्स, तीरंदाजी, हाॅकी, फुटबाॅल, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती एवं दो डेमो गेम्स मलखंब एवं कबड्डी के मैदानों में सभी इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आयोजन में भाग लेने विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के आवास, परिवहन एवं भोजन संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मानकों के अनुरूप आवास व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने को कहा।

श्री साव ने सभी खिलाड़ियों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं, इन्जरी मैनेजमेंट, वेन्यू पर मेडिकल किट तथा पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खेल स्थलों पर स्पोर्ट्स इक्विपमेंट्स के इंस्टालेशन, शुभारंभ एवं समापन समारोह तथा संपूर्ण आयोजन के प्रचार-प्रसार व जन सहभागिता संबंधी गतिविधियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन सक्रियता, गंभीरता तथा निष्ठा के साथ करने को कहा। उन्होंने ट्राइबल गेम्स में भागीदारी के लिए देशभर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। दस दिनों तक चलने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में 32 राज्यों के 3000 खिलाड़ी हिस्सेदारी करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक  तनूजा सलाम और उप संचालक  रश्मि ठाकुर सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न एजेंसियां एवं विभागीय अधिकारी बैठक में मौजूद थे।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button