छत्तीसगढ़

धान उपार्जन केंद्र में 8.48 लाख की गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पलारी। थाना पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धान उपार्जन केंद्र में गड़बड़ी कर लाखों रुपए की धान राशि गबन करने वाले आरोपी परदेसी राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 368.78 क्विंटल धान, जिसकी कुल राशि ₹8,48,194 है, का गबन कर शासन एवं समिति को भारी क्षति पहुँचाई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर शाखा कोदवा के प्रभारी शाखा प्रबंधक संजय कुमार वर्मा ने दिनांक 27 अप्रैल 2025 को थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पाया गया कि धान उपार्जन केंद्र प्रभारी परदेसी राम साहू ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उपरोक्त राशि का गबन किया था।

जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 140/2025 धारा 316(5), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पलारी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर धान का गबन किया है।

आरोपी परदेसी राम साहू, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम रेंगाडीह, थाना सुहेला को आज दिनांक 28 अप्रैल 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आगे की जांच में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button