खेल-दुनिया

BCCI का दिल तोड़ने वाला ऐलान: शुभमन गिल नहीं खेलेंगे, कप्तानी बदली

गुवाहाटी। टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले ही बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल गर्दन में चोट के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत शनिवार से शुरू हो रहे मुकाबले में भारतीय टीम की कमान संभालेंगे।

ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में शुभमन गिल चोटिल हुए थे। पारी की तीसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्हें गर्दन में तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके कारण वे रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद वे दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतर सके।

BCCI ने दी औपचारिक जानकारी
बीसीसीआई ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पुष्टि की, “टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल, जिन्हें पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ऋषभ पंत टीम की कप्तानी करेंगे।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋषभ पंत ने कहा कि गिल पूरी कोशिश के बावजूद फिट नहीं हो पाए। उन्होंने कहा, “शुभमन खेलने के लिए उत्सुक थे, लेकिन मेडिकल टीम की सलाह के बाद हमने फैसला किया कि उन्हें आराम दिया जाए। प्लेइंग इलेवन में किसे मौका मिलेगा, यह खिलाड़ी पहले से जानता है।’’

आगे की सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं गिल
सूत्रों के अनुसार, गिल की रिकवरी के लिए उन्हें मुंबई में विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेना पड़ सकता है। ऐसे में वे संभवतः 30 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं।

पहले टेस्ट का हाल
पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका 159 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने 189 रन बनाकर 30 रन की बढ़त हासिल की।दूसरी पारी में अफ्रीका ने 153 रन बनाए और भारत को 124 रन का लक्ष्य दिया। लेकिन टीम इंडिया 93 रन पर ऑल आउट होकर मुकाबला 30 रन से हार गई।

अब गुवाहाटी में नज़रें इस पर होंगी कि नई कप्तानी में टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button