होली त्यौहार से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चलाया जांच अभियान

बलौदाबाजार : होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जिले में मिठाई दुकानों, होटलो का निरीक्षण किया गया।जांच के दौरान कई दुकानों से गुजिया, पेड़ा खुला व बेसन खुला का नमूना संकलन कर विश्लेषण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी रायपुर प्रेषित् किया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने उपरान्त आगे की कार्यवाही की जाएगी।
टीम द्वारा भाटापारा के खेमजी होटल, कलकत्ता स्वीट्स व न्यू काशीराम सुपर मार्केट भाटापारा का निरीक्षण किया गया एवं मिठाई का नमूना लिया।निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य परिसरों एवं खाद्य पदार्थों के निर्मित किये जाने वाले जगहों की सफाई व्यवस्था ठीक रखने, गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का उपयोग मिठाईयों एवं नमकीन बनाने में प्रयोग करने, किसी भी निर्मित मिठाईयों या खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का (गणेश, गाय छाप रंग) का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिये गये। ग्राहकों को त्यौहारी सीजन में साफ सुथरे व कम घटक रंगों की मिठाईयों का प्रयोग करने तथा साफ-सफाई युक्त खाद्य परीसरों से ही खाद्य पदार्थों का अवसान तिथि, खाद्य लाईसेंस / पंजीयन नंबर देख कर ही पैक्ड खाद्य पदार्थों का क्रय करने कहा गया।
खाद्य पदार्थ फाईन बेसन ब्रांड टाटा बेसन बैच नं. GV5H0844D1 के विक्रय वितरण एवं भंडारण के प्रतिषेध के संबंध में जिला महासमुंद से संकलित खाद्य पदार्थ टाटा संपन्न फाईन बेसन पैक्ड 500 ग्राम वैच नंबर GV5H0844D1 पैक्ड तिथि 08.08.2025 अवसान तिथि 07.03.2026 को कैली लैब प्रा.लि. भोपाल मध्यप्रदेश के जांच प्रतिवेदन दिनांक 27.01.2026 द्वारा असुरक्षित घोषित किया गया है।खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनिमय 2006 की धारा 38 (3) (ख) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुये अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा उक्त खाद्य पदार्थ फाईन बेसन ब्रांड टाटा बेसन बैच नं. GV5H0844D1 के विक्रय वितरण एवं भंडारण को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के संपूर्ण क्षेत्रों में प्रतिषिद्ध किया गया है।





