भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त रैली, सेंसेक्स ने छुआ 86 हजार का आंकड़ा; अनिल अंबानी के शेयरों में तेज उछाल

शेयर बाजार | भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को ऐतिहासिक तेजी दर्ज की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पहली बार 86,000 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी अपने रिकॉर्ड स्तर पर ट्रेड करता दिखा। मार्केट में इस तूफानी तेजी के बीच अंबानी ब्रदर्स की कंपनियां भी चर्चा में रहीं, लेकिन दिलचस्प रूप से अनिल अंबानी की कंपनियों ने आज मुकेश अंबानी की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से बेहतर प्रदर्शन किया।
अनिल अंबानी की कंपनियों में जोरदार उछाल
गुरुवार सुबह ट्रेडिंग सेशन के दौरान अनिल अंबानी की रिलायंस पावर में तेजी देखी गई और शेयर लगभग 2.68% चढ़कर 40.54 रुपये पर पहुंच गए। वहीं, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के स्टॉक में करीब 5% की तेज बढ़त दर्ज की गई और यह 165.85 रुपये तक पहुंच गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में हल्की गिरावट
दूसरी ओर, मुकेश अंबानी की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में मामूली कमजोरी दिखी। खबर लिखे जाने तक स्टॉक लगभग 0.31% गिरकर 1,565 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था।
रिकॉर्ड हाई पर बाजार
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 86,000 के पार पहुंचकर ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में इसमें थोड़ी नरमी देखी गई और सुबह 11:40 बजे तक सेंसेक्स 275 अंक चढ़कर 85,883.76 पर बना हुआ था। निफ्टी भी अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रहा था।
मार्केट में तेजी की वजहें
विशेषज्ञों के मुताबिक बाजार में इस तेजी के तीन बड़े कारण हैं:
फेड और RBI द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें
दिसंबर की प्रमुख बैठकों से निवेशकों को राहत की उम्मीद है, जिससे बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट बना है।
विदेशी निवेशकों की भारी खरीदारी
बड़ी कंपनियों के शेयर आकर्षक स्तर पर मिलने और कमाई बढ़ने की संभावनाओं के चलते FIIs फिर से सक्रिय हुए हैं।
26 नवंबर को विदेशी निवेशकों ने करीब 4,778 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
जियोपॉलिटिकल तनाव कम होने के संकेत
रूस-यूक्रेन युद्ध में शांति वार्ता की संभावनाओं ने वैश्विक बाजार का माहौल भी बेहतर किया है। अगले सप्ताह अमेरिकी दूत की मास्को यात्रा की चर्चा से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।





