राजस्थान | राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर राजलदेसर कस्बे के पास एक लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय आसमान में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही पलों बाद खेतों से आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं उठता नजर आया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लड़ाकू विमान का मलबा बड़े क्षेत्र में बिखरा पड़ा है और आसपास के खेतों में भीषण आग लग चुकी है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल की ओर रवाना हो गईं। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराना और स्थानीय पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके के लिए निकल चुके हैं।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, वहीं सेना की रेस्क्यू टीम भी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचने वाली है। प्रारंभिक रूप से पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और जल्द ही पूरे इलाके को सील कर जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

हादसे के कारणों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलु की बारीकी से जांच कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान नियमित अभ्यास उड़ान पर था या किसी विशेष मिशन पर।

पूरा इलाका अभी भी दहशत में है और प्रशासन की अपील है कि लोग घटनास्थल से दूर रहें ताकि राहत और बचाव कार्य बिना बाधा के किए जा सकें।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।