छत्तीसगढ़जगदलपुर

उप मुख्यमंत्री ने विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान शुरुआत करने की घोषणा

जगदलपुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह समारोह शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार, शोध एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिकों के योगदान को स्मरण करने और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को और प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए, ताकि यहां के युवा वैज्ञानिकों का नाम वैज्ञानिक ग्रंथों में दर्ज हो। साथ ही उन्होंने विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से “विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान” प्रारंभ करने की घोषणा की। इस अभियान के अंतर्गत युवा वैज्ञानिकों को देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के जन्म स्थलों का अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने “दण्डकारण्य आमचो बस्तर विज्ञान महोत्सव” का विमोचन भी किया। यह महोत्सव मार्च से सितंबर 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें सोझ-गोठ (छात्र-वैज्ञानिक संवाद), जोहार प्रकृति (ग्राम समिति कार्यशाला), बस्तर अनुसंधान (लोक विज्ञान सम्मेलन), लोक-वैद्य सभा (पारंपरिक वैद्यक अध्ययन व कार्यशाला) और विकास यात्रा (प्रबुद्धजनों की गोलमेज संगोष्ठी) जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

कार्यक्रम में भोपाल और रायपुर से आए वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के नवीनतम आयामों पर प्रकाश डाला। समारोह का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करना और समाज में विज्ञान के महत्व को रेखांकित करना रहा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. प्रशांत कवीश्वर, सीएसआईआर भोपाल के निदेशक डॉ. थल्लाडा भास्कर, विज्ञान भारती के विवस्वान, बस्तर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज श्रीवास्तव, सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button