देश

भारत को स्केटिंग में पहली बार विश्व स्वर्ण, आनंदकुमार वेलकुमार की चमक पर पीएम मोदी का संदेश

नई दिल्ली | भारत के लिए गर्व का क्षण आया जब तमिलनाडु के 22 वर्षीय स्केटर आनंदकुमार वेलकुमार ने चीन के बेइदाइहे में आयोजित स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1,000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यह भारत का इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक है।

आनंदकुमार ने 1:24.924 मिनट का शानदार समय दर्ज कर यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले वे 500 मीटर स्प्रिंट में 43.072 सेकंड में दौड़ पूरी कर ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को सीनियर कैटेगरी में पहला वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल दिला चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा,

“स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1,000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके धैर्य, गति और जोश ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बनाया है। उनकी उपलब्धि अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी।”

भारत के लिए एक और खुशी की बात यह रही कि जूनियर कैटेगरी में स्केटर कृष शर्मा ने भी 1,000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड अपने नाम किया। इस तरह भारत ने पहली बार जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में 1,000 मीटर स्प्रिंट का स्वर्ण जीता।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई में भी होशियार आनंदकुमार ने अपनी लगन, कड़ी मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन से न केवल भारत का नाम रोशन किया है, बल्कि स्पीड स्केटिंग जैसे कम लोकप्रिय खेल को देश में नई पहचान दी है। उनकी यह जीत नई पीढ़ी को संदेश देती है कि दृढ़ निश्चय और मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button