रायपुर। राजधानी रायपुर में नौकरी का सपना दिखाकर 90 युवकों से लाखों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुणे की फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक प्राइवेट लिमिटेड नामक कथित कंपनी के एचआर शुभम ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवकों को 30 हजार रुपये महीने की नौकरी और रायपुर में ट्रेनिंग का झांसा दिया। इसके एवज में प्रत्येक युवक से 5-5 हजार रुपये वसूलने के बाद आरोपी फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरे सभी युवकों से आरोपी ने कुल 4.5 लाख रुपये जमा कराए थे। इसके बाद बहाने से होटल से निकला और वापस नहीं लौटा। फोन करने पर उसका मोबाइल भी बंद मिला। युवकों को जब धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तो सभी पीड़ित थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

नौकरी की उम्मीद टूटी, घर लौटने का भी नहीं बचा किराया
पीड़ित युवकों ने बताया कि किसी ने कर्ज लेकर, तो किसी ने घर के गहने गिरवी रखकर यह रकम जुटाई थी। अब वे ठगी का शिकार होकर मायूस हैं और घर लौटने तक का किराया भी उनके पास नहीं है।

आईटीआई प्रबंधन पर भी सवाल खड़े
इस मामले में कानपुर के उत्तम आईटीआई प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। यहीं के प्लेसमेंट कैंप में कथित कंपनी ने छात्रों का चयन किया था। आईटीआई के इंस्ट्रक्टर अमित तिवारी छात्रों के साथ रायपुर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि कंपनी के एचआर ने पहले ही ट्रेनिंग और रहने की व्यवस्था दिखाने से इनकार कर दिया था। बिना पृष्ठभूमि जांच किए छात्रों को भेजना संस्थान की बड़ी लापरवाही मानी जा रही है।

पुलिस की जांच तेज
मौदहापारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी एचआर शुभम की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आईटीआई प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed