भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन से रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित पूरे अंचल को लाभ मिलेगा। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और नगरीय सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के चुनाव में जारी अटल विश्वास पत्र के सभी वादों को एक-एक कर पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय आज भिलाई में नगर पालिक निगम क्षेत्र के लिए 241.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भिलाई नगर पालिक निगम के नए कार्यालय भवन के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार भरपूर सहयोग दे रही है और तेजी से नगरीय सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। प्रशासन को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ नागरिकों को मिल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि राज्य की 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र प्रारंभ हो चुके हैं तथा अगले छह माह में 5 हजार पंचायतों को इससे जोड़ा जाएगा। 24 अप्रैल 2026 (पंचायती राज दिवस) पर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 20 महीनों में सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल दर से भुगतान दिया जा रहा है। महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है जिससे 70 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

भूमिहीन कृषि मजदूरों को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के अंतर्गत सालाना 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं रामलला दर्शन योजना से अब तक 22 हजार श्रद्धालु अयोध्या यात्रा कर चुके हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार गठन के बाद बीते एक वर्ष में नगरीय निकायों के विकास के लिए 7,000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अकेले नगर पालिक निगम भिलाई को पिछले 18 महीनों में 470 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के 7 नगरीय निकायों को पहली बार राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार मिला है, वहीं 20 हजार से कम आबादी वाले 58 शहरों को सम्मान प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने पार्षद स्मृति दोड़के को स्वच्छता वार्ड के लिए शील्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश प्रमाणपत्र, पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल व व्हीलचेयर प्रदान की। महिला स्व-सहायता समूहों को चेक और वूमेन फॉर ट्री योजना के तहत प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन और महापौर नीरज पाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।