
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के बोदरी नगर पंचायत में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर पंचायत कार्यालय में छापा मारकर सीएमओ भारती साहू और कार्यालयीन बाबू सुरेश सीहोरे को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर मकान का नक्शा स्वीकृत करने के बदले अवैध रकम मांगने का आरोप है।
ACB अधिकारियों के मुताबिक, सरकंडा निवासी वेदराम निर्मलकर ने 12 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बोदरी क्षेत्र में स्थित उनकी जमीन पर मकान निर्माण के लिए नक्शा पास कराने के नाम पर कार्यालय से अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही है। तय सरकारी शुल्क और ड्राफ्ट के अलावा बाबू द्वारा निजी तौर पर रिश्वत मांगी गई थी, जिसमें सीएमओ की भी संलिप्तता बताई गई।
शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम घटाकर 12 हजार रुपये तय की गई। 17 दिसंबर को तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता नगर पंचायत कार्यालय पहुंचा और जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, मौके पर मौजूद ACB टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई के बाद नगर पंचायत कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ACB ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त रुख अपनाया गया है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





