छत्तीसगढ़

महुआ शराब की तस्करी का खुलासा: 70 लीटर शराब के साथ दो आरोपी दबोचे, स्कूटी जब्त

महासमुंद, 25 मार्च 2026। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महासमुंद जिले की सरायपाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नानकपाली के दो युवक काले रंग की TVS Jupiter स्कूटी में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए नानकपाली से अर्जुंदा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने माधोपाली–कुटेला रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

जांच के दौरान स्कूटी में सवार दो युवकों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपना नाम दीपक भोई (26 वर्ष) और तेज कुमार भोई (23 वर्ष) निवासी ग्राम नानकपाली, थाना सरायपाली बताया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें सीट के आगे रखे दो सफेद प्लास्टिक बोरे मिले।

बोरों की जांच करने पर उनके अंदर पारदर्शी झिल्ली में भरी 35-35 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब, कुल 70 लीटर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के साथ बिना नंबर की काली रंग की स्कूटी भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 95 हजार रुपये है।

इस तरह कार्रवाई में कुल 1 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पूरी कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली के निर्देशन में थाना सरायपाली पुलिस टीम द्वारा की गई।

 

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button