मस्तूरी विकासखंड के ठरकपुर ग्राम पंचायत में अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के सरपंच ने रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र से खुलेआम मुरुम की खुदाई कराई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पंचायत भवन और अन्य निर्माण कार्यों के लिए बीते दो दिनों में सैकड़ों ट्रैक्टर मुरुम निकालने का काम हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उत्खनन नियमों की अनदेखी करते हुए सीधे जंगल क्षेत्र से कराया गया। जबकि निर्माण के लिए भूमि समतलीकरण की राशि जनपद पंचायत द्वारा पहले ही स्वीकृत की गई थी और नियम के अनुसार मुरुम लीज खदान से खरीदी जानी थी।

ग्रामीणों ने बताया कि जेसीबी मशीनों से जंगल क्षेत्र में खुदाई की जा रही थी और इस प्रक्रिया का वीडियो भी उपलब्ध है। इसके अलावा, मनरेगा योजना के तहत बनाए गए तालाब को भी नुकसान पहुंचाया गया, जबकि इस तालाब में लाखों रुपये खर्च हुए थे।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच में यह पुष्टि हुई कि खुदाई रिजर्व फॉरेस्ट के अंतर्गत क्षेत्र में हुई थी। वन विभाग ने मौके पर पंचनामा तैयार कर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।

अब प्रशासन के कदमों पर पूरे गांव और जिले की नजरें लगी हुई हैं। सवाल यह उठता है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी या मामला सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।