मूर्तिकारों को नगर निगम का निर्देश: अब तय जगहों पर ही कर सकेंगे मूर्तियों की बिक्री

रायपुर। राजधानी रायपुर में त्योहारों के दौरान सड़कों पर लगने वाले जाम और अव्यवस्था से निजात पाने नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। अब जोन 5 और जोन 7 क्षेत्रों में फुटपाथ और सड़कों पर गणेश मूर्तियों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम ने मूर्तिकारों को लाखेनगर मैदान में मूर्तियों की बिक्री की अनुमति दी है।
महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर एमआईसी मेंबर दीपक जायसवाल ने मूर्तिकार संघ और कुम्हार समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्णय की जानकारी दी। यातायात व्यवस्था पर पड़ने वाले असर को देखते हुए निगम ने यह व्यवस्था लागू की है।
मूर्तिकारों ने भी निगम के इस फैसले पर सहमति जताई है। निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि तय स्थानों के अलावा कहीं भी मूर्ति विक्रय पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से शहर में यातायात सुगम बनाने और त्योहारों में होने वाली अव्यवस्था को रोकने में मदद मिलेगी।