बालोद  : बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसमें प्रेम संबंध का अंत खूनखराबे में हुआ। शक, गुस्सा और शादी को लेकर बने दबाव ने एक युवक को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपनी शादीशुदा प्रेमिका की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका कमला राजपूत (35 वर्ष) पाररास गांव की रहने वाली थी, जबकि आरोपी नेमीचंद साहू (29 वर्ष) तरौद गांव का निवासी है। दोनों के बीच करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। आरोपी महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क में रहने को लेकर संदेह करता था और उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था, जिससे आए दिन विवाद होता रहता था।

16 जनवरी को आरोपी महिला को घूमने के बहाने गुरामी डैम क्षेत्र के जंगल में ले गया। वहां शराब के नशे में दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। जब महिला ने शादी से साफ इनकार किया, तो आरोपी आपा खो बैठा और उसने पहले गला दबाकर उसे बेहोश कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने अमानवीयता की हद पार करते हुए महिला के अचेत शरीर को लगभग 50 मीटर तक घसीटा और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने शव को पत्थरों से ढक दिया और मौके से फरार हो गया।

करीब एक सप्ताह बाद, 24 जनवरी को जंगल क्षेत्र से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सड़ी-गली महिला की लाश मिली। बाद में मृतका की पहचान उसकी कलाई पर बने ‘KL’ टैटू से की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल गठित किया गया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। संदेह के घेरे में आए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने और जांच को भटकाने की कोशिश की। उसने मृतका का मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर चालू कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की गहन विवेचना जारी है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।