छत्तीसगढ़

ऑपरेशन 2026 का आगाज़: बीजापुर में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को घेरा, मुठभेड़ जारी

बीजापुर। जिले के रीमल्ल और अन्नारम के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार से शुरू हुई मुठभेड़ गुरुवार को भी जारी है। सूत्रों के अनुसार अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य के हताहत होने की संभावना जताई जा रही है। इलाके में लगातार गोलियों की आवाजें गूंज रही हैं, जिन्हें आस-पास के गांवों तक सुना जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक डीआरजी, सीआरपीएफ और एसटीएफ की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि इस क्षेत्र में नक्सली लीडर पापा राव और केंद्रीय समिति सदस्य गणेश उइके की मौजूदगी है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया, जिस दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कई नक्सली ढेर हो गए।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि क्षेत्र में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “स्थिति को देखते हुए अभियान अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है। मारे गए नक्सलियों की संख्या और पहचान ऑपरेशन समाप्त होने के बाद स्पष्ट की जाएगी।”

बीजापुर जिला अभी भी नक्सल गतिविधियों का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां की कठिन भौगोलिक स्थिति, घने जंगल और तेलंगाना–महाराष्ट्र की सीमा से जुड़ा इलाका नक्सलियों को सुरक्षित ठिकाने प्रदान करता है। इसी कारण सुरक्षाबलों ने मानसून के बाद “ऑपरेशन 2026” की शुरुआत बीजापुर से की है। यह अभियान नक्सल उन्मूलन की दिशा में सबसे बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button