देश

बीजेपी का चुनावी गियर बदलाः बिहार के बाद BMC चुनाव की तैयारी तेज

मुंबई। बिहार विधानसभा चुनाव के संपन्न होते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब अपना पूरा ध्यान अगले साल होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव पर केंद्रित कर दिया है। इस दिशा में पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए चार नए महासचिवों की नियुक्ति की है। इनमें राजेश शिरवाडकर, गणेश खापरकर, आचार्य पवन त्रिपाठी और श्वेता पारुलेकर के नाम शामिल हैं। ये नियुक्तियां भाजपा मुंबई इकाई के अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने की हैं।

जनवरी 2026 में प्रस्तावित बीएमसी चुनाव को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) जहां मिलकर चुनाव लड़ने की रणनीति बना रहा है, वहीं विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) में मतभेद उभरने लगे हैं।

हाल ही में महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी बीएमसी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी। उन्होंने कहा, “स्थानीय नेतृत्व ने निर्णय लिया है कि कांग्रेस आगामी बीएमसी चुनाव अकेले लड़ेगी। हमें नगर निगम में परंपरागत रूप से 30 से 35 सीटें मिलती रही हैं और हम अपने संगठन के बल पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की नई संगठनात्मक रणनीति और महायुति की एकजुटता, मुंबई की सियासत में नए समीकरण तैयार कर सकती है। वहीं, कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले से विपक्षी एकता को झटका लग सकता है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button