नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद सुरक्षा और इंटेलिजेंस एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। एजेंसियों ने हमले में शामिल संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए हैं। इनमें आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा के नाम सामने आए हैं। इंटेलिजेंस सूत्रों के अनुसार, हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा का डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद है, जो फिलहाल पाकिस्तान में मौजूद है।

NIA की टीम मौके पर

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में 5 आतंकी शामिल थे, जिनमें 2 लोकल और 3 पाकिस्तानी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया है।

TRF ने ली जिम्मेदारी

इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली है। सोशल मीडिया पर 4 संदिग्ध आतंकियों की एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने सिर्फ स्केच जारी किए हैं, जो चश्मदीदों की मदद से बनाए गए हैं।

पाकिस्तान ने नकारा हाथ

वहीं, पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने बयान जारी कर कहा कि “इस हमले में पाकिस्तान की कोई संलिप्तता नहीं है।”

उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक

हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री आवास पर कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई गई है। इसमें गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एनएसए अजित डोभाल शामिल हुए हैं।

हमले में 27 की मौत, 20+ घायल

यह हमला मंगलवार दोपहर तब हुआ, जब बैसरन घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। अब तक की जानकारी में 27 लोगों की मौत और 20 से अधिक के घायल होने की पुष्टि हुई है। मृतकों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल और UAE के एक-एक नागरिक तथा 2 स्थानीय लोग भी मारे गए हैं।

पुलवामा के बाद सबसे बड़ा आतंकी हमला

यह हमला 14 फरवरी 2019 के पुलवामा हमले के बाद सबसे बड़ा आतंकवादी हमला माना जा रहा है। पुलवामा में हुए फिदायीन हमले में 40 CRPF जवान शहीद हुए थे, जिसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed