इंदौर | एयर इंडिया के विमान एक बार फिर तकनीकी खामियों के चलते चर्चा में हैं। अहमदाबाद प्लेन क्रैश की भयावह घटना के बाद अब लगातार फ्लाइट रद्द होने से एविएशन सेक्टर में बेचैनी बढ़ गई है। मंगलवार को एयर इंडिया की 7 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फिर रद्द हुई अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट

एयर इंडिया की AI 171 फ्लाइट, जो 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जाते समय क्रैश हो गई थी, उसके स्थान पर शुरू की गई AI 159 फ्लाइट को मंगलवार को फिर से रद्द करना पड़ा। इससे यात्रियों में दहशत का माहौल है। यह फ्लाइट इससे पहले भी एक बार रद्द हो चुकी थी।

दिल्ली-पेरिस फ्लाइट में टेक ऑफ से पहले खराबी

दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट में भी टेक ऑफ से पहले तकनीकी खराबी पाई गई, जिसके चलते उसे रद्द करना पड़ा। 16 जून को भी यही फ्लाइट रद्द हुई थी। इससे पहले भी पेरिस, वियना, लंदन, और दुबई रूट्स की फ्लाइट्स में तकनीकी समस्याएं देखी गई थीं।

DGCA ने एयर इंडिया को दिए सख्त निर्देश

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। DGCA ने निर्देश दिए हैं कि सभी विमान पूरी तकनीकी जांच के बाद ही उड़ान भरें, और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न हो।

रद्द की गई फ्लाइट्स की सूची:

  • अहमदाबाद से लंदन
  • दिल्ली से पेरिस
  • दिल्ली से वियना
  • लंदन से अमृतसर
  • दिल्ली से दुबई
  • बेंगलुरु से लंदन
  • सैन फ्रांसिस्को से मुंबई (आपात लैंडिंग कोलकाता में)

यात्रियों में घटा भरोसा, इंदौर में टिकट कैंसिल

इंदौर एयरपोर्ट पर भी इस घटना का असर साफ देखा गया। मध्यप्रदेश ट्रैवल एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन के अनुसार, अहमदाबाद हादसे के बाद यात्रियों ने एयर इंडिया की फ्लाइट्स से टिकट रद्द करवा दिए। लोग अब अन्य एयरलाइंस को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि नई दिल्ली, मुंबई और जयपुर जाने वाली फ्लाइट्स में बुकिंग अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

एयर इंडिया का आधिकारिक बयान

एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा है कि, “सभी विमान विस्तृत तकनीकी परीक्षण के बाद ही उड़ान भर रहे हैं। DGCA के सभी मापदंडों का पालन किया जा रहा है और यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।