दिल्ली। राजधानी के नॉर्थ-ईस्ट ज़िले के वेलकम इलाके में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सीलमपुर क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित जनता कॉलोनी में चार मंजिला एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में मौजूद 12 लोगों में से 4 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अब भी 8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे अचानक तेज आवाज के साथ पूरी इमारत जमींदोज हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही फायर विभाग की 7 टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत अभियान शुरू किया।

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद संवेदनशीलता और सावधानी के साथ चलाया जा रहा है। ईंट-दर-ईंट हटाकर मलबे के नीचे फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोग भी फायर टीमों के साथ मिलकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में मदद कर रहे हैं। इस दौरान घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और आसपास के लोगों को दूर रखा जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालना है। हादसे की वजहों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत जर्जर अवस्था में थी और निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया था।

अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे में अब भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।