कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में खनिज निगम का चेयरमैन बनाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कटारिया से दो ठगों ने खुद को दिल्ली दरबार से जुड़ा प्रभावशाली बताकर 41.30 लाख रुपए की ठगी कर ली। कटारिया की शिकायत पर केशकाल थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

संतोष कटारिया ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात रायपुर निवासी राजीव सोनी के जरिए काजल जोशी नाम की महिला से हुई थी। काजल ने खुद को भाजपा से जुड़ी प्रभावशाली पदाधिकारी बताते हुए कहा कि वह उन्हें खनिज निगम का चेयरमैन बनवा सकती है। इसके एवज में 3 करोड़ रुपए की मांग की गई थी, लेकिन सौदेबाजी के बाद 20 लाख एडवांस में तय हुआ।

कटारिया ने 20 अगस्त 2024 को दिल्ली में महिला को 20 लाख रुपए कैश दिए। इसके बाद 26 सितंबर को केशकाल से व्हाट्सएप कोड स्कैन कर 1.30 लाख रुपए ट्रांसफर किए। अक्टूबर में रायपुर के होटल क्लार्क इन में दोनों आरोपियों को बुलाकर 20 लाख रुपए और कैश में दिए गए। इस तरह कटारिया ने कुल 41.30 लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को दिए।

जब निगम-मंडलों की नियुक्तियों में उनका नाम नहीं आया और आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया, तब कटारिया को ठगी का अहसास हुआ। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क करने पर पता चला कि काजल जोशी नाम की कोई महिला पार्टी से नहीं जुड़ी है। पुलिस जांच में महिला की असली पहचान सामने आई, उसका नाम कोमल मुंजारे है और वह महाराष्ट्र की रहने वाली है।

केशकाल थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed