रायपुर |  छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के रजत महोत्सव (Silver Jubilee Celebration) के अवसर पर राजधानी नवा रायपुर पांच दिनों तक संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक रंगों में सराबोर रहेगा। 1 से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस भव्य उत्सव में प्रदेश और देशभर के नामचीन कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। मुख्य मंच के साथ-साथ शिल्पग्राम मंच पर भी लोक और शास्त्रीय कलाओं की झलक देखने को मिलेगी।

 उद्घाटन दिवस – 1 नवंबर

उत्सव की शुरुआत सुबह 11 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाणिज्य एवं व्यापार परिसर, नवा रायपुर के मुख्य मंच से होगी। सबसे पहले गायिका ऐश्वर्या पंडित अपनी मधुर आवाज़ से समां बांधेंगी। इसके बाद पीसी लाल यादव, आरू साहू, दुष्यंत हरमुख और निर्मला ठाकुर रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। शाम 8 बजे मशहूर गायक हंशराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति से राज्योत्सव के पहले दिन को यादगार बना देंगे।

 2 नवंबर

दूसरे दिन मंच की शोभा बढ़ाएंगे प्रसिद्ध पार्श्वगायक आदित्य नारायण, जिनका कार्यक्रम रात्रि 9 बजे से शुरू होगा। इससे पहले शाम 6:30 बजे से सुनील तिवारी, जयश्री नायर चिन्हारी बैंड और पद्मश्री डोमार सिंह कंवर नाचा दल मंच पर प्रदर्शन करेंगे।

 3 नवंबर

तीसरे दिन दर्शकों को मिलेगा पार्श्वगायिका भूमि त्रिवेदी की मनमोहक प्रस्तुति का आनंद (रात्रि 9 बजे)। शाम 6 बजे से पद्मश्री उषा बारले पंडवानी, राकेश शर्मा सूफी भजन और कुलेश्वर ताम्रकार लोकमंच प्रस्तुत करेंगे।

 4 नवंबर

चौथे दिन मंच संभालेंगे गायक अंकित तिवारी, जो अपनी लोकप्रिय धुनों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देंगे। इस दिन शाम 6 बजे से कला केंद्र रायपुर बैंड, रेखा देवार और प्रकाश अवस्थी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे।

5 नवंबर – समापन दिवस

राज्योत्सव का समापन प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की आत्मीय गायकी से होगा (रात्रि 9 बजे)।
इससे पहले पूनम विराट तिवारी और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

शिल्पग्राम मंच पर विविधता से भरे कार्यक्रम

मुख्यमंच के समानांतर शिल्पग्राम मंच पर भी 1 से 5 नवंबर तक पारंपरिक और शास्त्रीय कलाओं का संगम देखने को मिलेगा।
यहां प्रतिदिन कत्थक, पंडवानी, लोकगीत, भजन, भरतनाट्यम, नाचा, ओडिसी और फ्यूजन बैंड जैसी प्रस्तुतियां होंगी।

पहले दिन मोहम्मद अनस (पियानो), बासंती वैष्णव (कत्थक), मंगलूराम यादव (बांसगीत), चारूलता देशमुख (भारत नाट्यम) और दुष्यंत द्विवेदी (पंडवानी) जैसी प्रस्तुतियां होंगी।
इसी तरह आने वाले दिनों में रेखा जलक्षत्रीय, ईकबाल ओबेरॉय, डॉ. आरती सिंह, भुमिसूता मिश्रा, चैतुराम तारक, डाली थरवानी, नरेन्द्र जलक्षत्रीय जैसे कलाकार लोक और शास्त्रीय रंगों से मंच को सजाएंगे।

 

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed