कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से दिल दहला देने वाली एक पारिवारिक हत्या की वारदात सामने आई है। यहां एक पोते ने संपत्ति विवाद में अपने ही दादा को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना सिंघनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बामी की है, जहां बुजुर्ग झड़ी राम साहू (65 वर्ष) की जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना 3-4 जून की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे की है। झड़ी राम साहू घर के बाहर सो रहे थे, तभी उनके पोते दीपक साहू ने पेट्रोल डालकर उन्हें आग लगा दी। जलते हुए झड़ी राम किसी तरह घर के भीतर पहुंचे और अपनी पत्नी को आवाज दी, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, मगर बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

पुलिस को सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिंघनपुरी की टीम, एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पाया गया कि मृतक का शरीर पूरी तरह जला हुआ था और आसपास पेट्रोल की तेज गंध फैली हुई थी। प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। एफएसएल जांच में भी एंटीमार्टम बर्निंग की पुष्टि हुई।

एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में विशेष जांच दल का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी रोशन बघेल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य और पारिवारिक विवाद की कड़ियों को जोड़कर आरोपी तक पहुंच बनाई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पोते दीपक साहू ने कबूल किया कि वह दादा से नाराज था क्योंकि उन्होंने अपनी जमीन का हिस्सा उसके पिता को न देकर परिवार के अन्य सदस्यों को दे दिया था। इसी गुस्से में उसने इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 111 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

गौरतलब है कि बीते चार दिनों में जिले में तीन हत्या की घटनाएं हुई हैं, जिनमें से दो मामलों का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।