रायपुर, 15 मई 2026। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया। बलौदाबाजार-भाटापारा जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने की, जबकि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सह-अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। बैठक में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की 67 योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने देश में तेजी से बढ़ रहे डायबिटीज के मामलों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में आने वाले ग्रामीणों की अनिवार्य शुगर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार शिविरों में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की जांच को प्राथमिकता देने और किडनी व लिवर संबंधी बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

औद्योगिक विकास को लेकर सांसद अग्रवाल ने कहा कि बलौदाबाजार-भाटापारा को केवल सीमेंट हब तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। सहायक उद्योगों को बढ़ावा देकर सीमेंट उद्योगों के कलपुर्जों का स्थानीय स्तर पर निर्माण किया जाए, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के लिए वृक्षारोपण और अनुपयोगी खदानों के क्लोजर की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि विकास की मुख्य धारा में समाज के अंतिम व्यक्ति को शामिल करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मानसून से पहले जलभराव और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सख्त रुख अपनाया गया। राष्ट्रीय राजमार्गों पर हेलमेट की अनिवार्यता और भारी वाहनों के प्रवेश पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में जल्द ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की जानकारी भी दी गई।

दिशा समिति की बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, मनरेगा और मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सभी सरकारी भवनों में शत-प्रतिशत रेन वाटर हार्वेस्टिंग सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया।

बैठक में विधायक संदीप साहू, इंद्र साव, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी ओपी शर्मा, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।