कोण्डागांव   : प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद एवं युवा कल्याण और उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने रविवार को कांकेर जिले के चारामा में मावा मोदोल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और वहां अध्ययन कर रहे युवाओं से संवाद किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पूरी लगन से पढ़ाई करें और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता प्राप्त कर अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें तथा हमेशा राष्ट्र के प्रति निष्ठावान रहें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

करीब 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक लाइब्रेरी में एक साथ 75 विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। यहां शांत और अध्ययन अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रदेश में लाइब्रेरी और नालंदा परिसरों की स्थापना की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांकेर जिले में जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके तहत यह मावा मोदोल लाइब्रेरी स्थापित की गई है। इससे क्षेत्र के युवाओं को एक बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा।

विधायक ने कहा कि इस लाइब्रेरी से क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले के सभी 11 तहसील मुख्यालयों में इसी तरह की लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना है, ताकि हर क्षेत्र के छात्र उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।

यह कांकेर जिले की छठवीं मावा मोदोल लाइब्रेरी है। इससे पहले कांकेर, भानुप्रतापपुर, कोरर, दुर्गूकोंदल और अंतागढ़ में भी ऐसी लाइब्रेरियां शुरू की जा चुकी हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।