रायगढ़| छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित नगर निगम के जेल कॉम्पलेक्स की लगभग 150 दुकानें अब जर्जर हालत में पहुंच चुकी हैं। साल 2005-06 में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत बनी इन दुकानों की छतों से सीमेंट का प्लास्टर गिर रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

व्यवसायियों का कहना है कि कई बार नगर निगम को इस संबंध में सूचित किया गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की मरम्मत नहीं कराई गई। दुकानों की हालत इतनी खराब हो गई है कि छतों से सरिया तक दिखने लगा है।पहली मंजिल की दुकानों तक पहुंचना भी लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है।

भगत सिंह पुल की ओर की दुकानों की हालत सबसे ज्यादा खराब
कॉम्पलेक्स के उस हिस्से की स्थिति और भी दयनीय है जो भगत सिंह पुल की ओर जाता है। कुछ व्यवसायी तो भयवश अपनी दुकानें बंद कर चुके हैं।

व्यवसायी बोले – डर के साए में कर रहे व्यापार
स्थानीय व्यवसायी राजू देवांगन ने बताया, “जब आंधी-तूफान आता है, तो दिल की धड़कन तेज हो जाती है। छतों से गिरता प्लास्टर और दिखाई देती सरिया किसी भी अनहोनी की चेतावनी हैं। कई बार आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।”

वहीं, ग्राहक ईश्वर ने बताया, “इस कॉम्पलेक्स की हालत बेहद खराब है। अब बारिश का मौसम आने वाला है, ऐसे में खतरा और बढ़ जाएगा।”

नगर निगम का जवाब – भेजा गया है पत्र, शासन से दिशा-निर्देश का इंतजार
नगर निगम आयुक्त ब्रिजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि बिल्डिंग की हालत को देखते हुए नगरीय प्रशासन विभाग को पत्र लिखा गया है। प्रस्ताव है कि इस जर्जर इमारत को डिस्मेंटल कर दुकानों के गेट पीछे की ओर शिफ्ट किए जाएंगे। आगे की कार्रवाई शासन के निर्देशों के बाद की जाएगी।

 

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।