रायपुर : मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत रबेली का आश्रित ग्राम नवरंगपुर, जो जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित है, अब जल संकट से पूरी तरह मुक्त हो चुका है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव के हर घर तक नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। लगभग 463 की आबादी वाले इस गांव में पहले पेयजल के लिए केवल पांच हैंडपंप और दो बोरवेल ही सहारा थे। गर्मी के दिनों में भूजल स्तर गिरने से हैंडपंप सूख जाते थे और ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था। इस समस्या से विशेष रूप से महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।ग्राम की निवासी बुधवारा बाई यादव ने बताया कि पहले पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था, कई बार पड़ोसियों से पानी मांगना पड़ता था। अब घर में ही नल से पानी मिलने लगा है, जिससे हमारी सबसे बड़ी परेशानी खत्म हो गई है। इसी तरह कुमारी सती ने कहा कि अब हमें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता। नल कनेक्शन मिलने से बहुत राहत मिली है और समय भी बच रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गांव के सभी घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं और नियमित जल आपूर्ति से ग्रामीणों का दैनिक जीवन सरल और सुगम हो गया है। महिलाओं का समय बचने से वे अब अन्य कार्यों में ध्यान दे पा रही हैं। ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके जीवन में वास्तविक बदलाव लेकर आई है।Spread the lovePost navigation1 मई अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर विशेष : हर हाथ को काम, हर श्रमिक को सम्मान: विष्णु देव सरकार की प्रतिबद्धता संयुक्त टीम ने क़ी पोहा व दाल मिल क़ी जांच, साफ- सफाई व स्वच्छता में कमी पर जग्गी पल्सेस को नोटिस