बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़)। बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखंड स्थित लक्षनपुर गांव के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि स्कूल के 78 बच्चों को ऐसा भोजन परोसा गया जिसे पहले कुत्ता खा चुका था। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में दहशत फैल गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को एहतियातन एंटी-रेबीज का टीका लगाया है।

घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची। स्कूल स्टाफ और बच्चों से पूछताछ की गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब तक किसी भी बच्चे में कोई लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन एहतियात बरती जा रही है।

स्कूल में भोजन आपूर्ति कर रहे स्थानीय स्व सहायता समूह पर पहले भी गंदगी, कीड़े और घटिया भोजन परोसने के आरोप लग चुके हैं। अब ग्रामीणों ने इस समूह को हटाकर जिम्मेदार एजेंसी को मिड-डे मील की जिम्मेदारी देने की मांग की है।

इस घटना ने सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग की लापरवाही बच्चों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। कसडोल विधायक संदीप साहू ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दिशा-निर्देश तय करने की मांग की है। फिलहाल, प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।