छत्तीसगढ़

 आपका मुख्यमंत्री आपके समाज के बीच का है, आपका भाई है….आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है – मुख्यमंत्री साय

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर ओलिंपिक 2025 की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया और पूरे बस्तर संभाग से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सातों जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर सभी का मन जीत लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बस्तर के हर गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिसके परिणामस्वरूप बस्तर तेज़ी से शांति, समरसता और प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि बस्तर के युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया है। खास बात यह रही कि नुवाबाट के प्रतिभागियों ने भी बड़ी उत्सुकता से हिस्सा लेकर कार्यक्रम की खूबसूरती बढ़ाई। महिलाओं और बेटियों की रिकॉर्ड उपस्थिति ने साबित कर दिया कि बस्तर में महिला सशक्तिकरण नई दिशा ले रहा है।

साय ने कहा कि सरकार बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर उनके भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध है। यही वजह है कि युवा लोकतंत्र और विकास की यात्रा में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलिंपिक के विजेता आने वाले समय में रोल मॉडल बनेंगे और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक में पदक जीतकर आने वाले खिलाड़ियों को गोल्ड के लिए 3 करोड़, सिल्वर के लिए 2 करोड़ और ब्रॉन्ज के लिए 1 करोड़ की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलिंपिक सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का माध्यम है। खेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं मिल सकें।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार बस्तर के दूरस्थ इलाकों के युवाओं को अवसर देकर उनके सपनों को नई दिशा दे रही है।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप और पद्मश्री एम.सी. मेरीकॉम ने भी मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम के अनुसार, इस वर्ष संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 3,500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में प्रतिभागियों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है, जिनमें सबसे बड़ी वृद्धि महिला खिलाड़ियों की है।

कार्यक्रम की शुरुआत मशाल प्रज्ज्वलन, आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य आतिशबाजी के साथ हुई। इस दौरान विधायक विनायक गोयल, चैतराम अटामी, राष्ट्रीय खिलाड़ी किरण पिस्दा, खुशबू नाग सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

पूवर्ती के विजय डोडी और ओरछा की सलोनी बनीं मशालवाहक

शुभारंभ के दौरान मशाल प्रज्ज्वलित करने के बाद इसे विजय डोडी और सलोनी कवाची को सौंपा गया। कबड्डी खिलाड़ी विजय और खो-खो खिलाड़ी सलोनी ने जोश और सम्मान के साथ मैदान की परिक्रमा करते हुए मशाल को मुख्य स्थल तक पहुंचाया। माओवादी प्रभाव वाले क्षेत्रों से आए इन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास देखकर पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।

यह भव्य आयोजन बस्तर की उभरती प्रतिभाओं का प्रतीक बना और यह संदेश देता है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर बस्तर के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button