पानी देने गए चाचा-भतीजे की करंट से मौत, गांव में मातम

रायगढ़/बिलासपुर/धमतरी – छत्तीसगढ़ में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के मुडपारा गांव में खेत में पानी देने गए चाचा-भतीजे की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं बिलासपुर में ट्रैक्टर पलटने से एक नाबालिग की जान चली गई, और धमतरी में तालाब में बुजुर्ग महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
खेत में बिजली का करंट बना मौत का कारण
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय निर्मल नागवंशी और उसका 12 वर्षीय भतीजा शिवा नागवंशी अपने खेत में आलू की फसल को पानी दे रहे थे। खेत में लगे मोटर पंप का स्विच बोर्ड गीली जमीन पर गिरा हुआ था। जैसे ही निर्मल ने बोर्ड उठाने की कोशिश की, वह तेज करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए पहुंचे शिवा को भी करंट लग गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ट्रैक्टर पलटने से नाबालिग की मौत
दूसरी घटना बिलासपुर जिले के अकोला के पास की है, जहां ईंट खाली कर लौट रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक नाबालिग की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
धमतरी में तालाब में मिली बुजुर्ग की लाश
इधर, धमतरी शहर के आमातालाब इलाके में पोस्ट ऑफिस वार्ड निवासी 65 वर्षीय मीराबाई कामरानी का शव तालाब में तैरता मिला। परिजनों के अनुसार, वे सुबह टहलने निकली थीं, लेकिन देर तक घर नहीं लौटीं। शाम को छठ पूजा की तैयारी के दौरान कुछ महिलाओं ने तालाब में शव देखा, जिसकी पहचान मीराबाई के रूप में हुई। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
इन तीनों घटनाओं ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्थाओं और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि प्रभावित परिवारों में गहरा मातम पसरा हुआ है।





