रायगढ़

ईंट भट्ठा के गड्ढे में मिली महिला की लाश, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़ |  लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सलखिया स्थित एक ईंट भट्ठा में 42 वर्षीय महिला शारदा मांझी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला का शव मिट्टी में सना हुआ एक गड्ढे में औंधे मुंह पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शारदा मांझी अपने पति बिसाहू मांझी के साथ पिछले डेढ़ महीने से ग्राम सलखिया के ईंट भट्ठा में काम कर रही थी। दोनों मूल रूप से ग्राम झारमुड़ा के निवासी हैं। घटना वाले दिन दोनों पति-पत्नी अपने गांव के खेतों में तेंदूपत्ता की रखवाली के लिए गए थे। खेत से लौटते वक्त रास्ते में बिसाहू किसी कारण से रुक गया, जबकि शारदा अकेली ईंट भट्ठा के लिए रवाना हुई।

कुछ देर बाद जब बिसाहू भट्ठे पर पहुंचा, तो उसने पत्नी को गड्ढे में मृत अवस्था में पाया। इसके बाद उसने ग्रामीणों को सूचित किया। मौके पर ग्रामीणों के साथ ग्राम सरपंच और डायल 112 की टीम पहुंची। सूचना पाकर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।

प्रारंभिक जांच में मिले हत्या के संकेत:

महिला के पीठ पर चोट के निशान थे

हाथ की कलाई में सूजन भी पाई गई है

शव पूरी तरह मिट्टी से सना हुआ था

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजहों और संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आने की संभावना है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button