नई दिल्ली |  केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में ‘21वें विश्व पुलिस एवं फायर खेल-2025’ में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय पुलिस एवं अग्निशमन दल को बधाई दी। भारतीय दल ने इन खेलों में कुल 613 पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि न केवल पुलिस एवं फायर सर्विसेज के लिए गर्व का विषय है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को कुल 4 करोड़ 38 लाख 85 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है।

गृह मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगला विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल भारत में गुजरात राज्य के अहमदाबाद, गांधीनगर और केवडिया में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अब हमारा अगला लक्ष्य 2029 के खेल हैं, जहां हर खिलाड़ी को अर्जुन की तरह एक ही लक्ष्य – पदक जीतना – लेकर मैदान में उतरना चाहिए।”

अमित शाह ने सभी पुलिस बलों से आह्वान किया कि वे अखिल भारतीय पुलिस बल नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से सुनिश्चित करें कि अगली बार प्रत्येक बल से कोई न कोई खिलाड़ी हिस्सा ले। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक दल कम से कम तीन पदक जीतने का लक्ष्य तय कर ले, तो यह रिकॉर्ड अपने आप टूट जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इन खेलों में भारत की व्यापक और समावेशी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। शाह ने इस मौके पर यह भी बताया कि आज विश्व स्तर पर पुलिस एवं फायर खेलों को ओलंपिक्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद तीसरे सबसे बड़े खेल आयोजन के रूप में देखा जाता है, जिसमें लगभग 10,000 खिलाड़ी भाग लेते हैं।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में गृह मंत्री ने कहा, “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, जीवन का अभ्यास है। जीतना आदत होनी चाहिए और हार से सीखना स्वभाव।” उन्होंने कहा कि बच्चों को खेल के मैदान में उतरकर मिट्टी से सीखने की जरूरत है, ताकि वे जीवन में हार से ना घबराएं और जीतने का जज्बा विकसित करें।

इस ऐतिहासिक मौके ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत की पुलिस एवं अग्निशमन सेवाएं न केवल देश की सुरक्षा के लिए समर्पित हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलों में भी देश का गौरव बढ़ा रही हैं।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।

You missed